विश्व हिंदी सचिवालय, मॉरीशस के सहयोग से पेंसिलवेनिया, यू एस ए में हिंदी दिवस का आयोजन 2018

विश्व हिंदी सचिवालय, मॉरीशस के सहयोग से पेंसिलवेनिया, यू एस ए में हिंदी दिवस का आयोजन 2018

हिंदी दिवस समारोह, नार्थ वेल्स, पेंसिलवेनिया, 29 सितम्बर:

युवा हिंदी संस्थान की तरफ़ से नार्थ वेल्स, पेंसिलवेनिया में गत 29 सितम्बर, 2018 को हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया।यह समारोह स्टेब्रिज होटल के सभगृह में संपन्न हुआ, जिसमें इस वर्ष जून में स्थानीय पेनब्रुक मिड्ल स्कूल, नार्थ वेल्स में हुए युवा हिंदी संस्थान स्टारटॉक हिंदी कार्यक्रम 2018 के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने अपने हिंदी भाषा ज्ञान का प्रदर्शन किया।युवा हिंदी संस्थान स्टारटॉक हिंदी कार्यक्रम 2018 में ‘भारत की वर्चूअल यात्रा’ विषय पर हुए कार्यक्रम में इन बच्चों ने भारत की चार दिशाओं में दर्शनीय स्थान कौन से हैं, वहाँ जाकर क्या कर सकते हैं, आदि जानकारी हासिल की थी। गर्मी की छुट्टियों में अपने परिवार के साथ ये बच्चे जब सचमुच भारत गए तो उन स्थानों के बारे में रू-ब-रू जानकारी हासिल की और स्लाइड शो तैयार किया। हिंदी दिवस समारोह में उन्हें हिंदी में बोलने, और पढ़ने का अवसर मिला।

कार्यक्रम निदेशक अशोक ओझा ने मातापिता और बच्चों को सम्बोधित करते हुए बताया कि हिंदी दिवस 14 सितम्बर को हिंदी को भारत की राजभाषा का दर्जा देने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने कहा, "बच्चों के भाषा ज्ञान के प्रदर्शन से यह पता चलता है कि वे नई जानकारी ग्रहण करने के लिए तत्पर हैं। हम अपने कार्यक्रमों में उन्हें पूरे दिन विभिन्न गतिविधियों में व्यस्त रखते हैं, जिसका उद्देश्य बिना किसी दबाव के हिंदी सीखना है। उनके प्रदर्शन से हिंदी दिवस का इस वर्ष का कार्यक्रम बहुत सार्थक हो गया। हिंदी दिवस के आयोजन से हमें अमेरिका में अपनी विरासत की भाषा और संस्कृति को समृद्ध करने का अभूतपूर्व अवसर मिलता है।" यह हमारे लिए उत्साहवर्द्धक है। जिन बच्चों ने अपनी भारत यात्रा से सम्बंधित प्रस्तुति की, उनमें अभिनव, साना और नन्दिनी के प्रदर्शन उत्कृष्ट थे। अभिनव ने दिल्ली और जयपुर स्थित जंतर मंतर के बारे में जानकारी दी तो साना और नंदिनी ने हैदराबाद के बारे में रोचक प्रस्तुतीकरण किया। इंटरमीडिएट छात्रा ध्वनि भारत सम्बंधी भौगोलिक जानकारी दे रही थी। इन बच्चों ने यह साबित किया कि गत जुलाई में स्टारटॉक कार्यक्रम पूरा होने के बाद भी वे हिंदी बोलना, पढ़ना और लिखना जारी रखे हुए हैं। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में उनके भाषा ज्ञान को विस्तारित करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कार भी बाँटे गए । युवा हिंदी संस्थान की सचिव अखिला शेखर ने समारोह का संचालन किया। युवा हिंदी संस्थान स्टारटॉक कार्यक्रमों की कला और योग शिक्षिका मेनू मुर्मू ने बच्चों को कलात्मक प्रदर्शनों का प्रयोग करते हुए भाषा शिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। इस समारोह के आयोजन में मॉरीशस में भारत और मौरिशस सरकारों के संयुक्त तत्वावधान में गठित विश्व हिंदी सचिवालय का सहयोग प्राप्त हुआ। सचिवालय का उद्देश्य विश्व भर में हिंदी का प्रसार और हिंदी शिक्षा का विस्तार करना है। आयोजन में युवा हिंदी संस्थान के स्थानीय स्वयंसेवकों, माता पिता और शिक्षकों ने भरपूर सहयोग किया।

Guest UserComment