महामारी से ग्रस्त एक वर्ष

महामारी से ग्रस्त एक वर्ष   

-अशोक ओझा       

"बाबू मोशाय, हम सब तो रंगमंच की कठपुतलियां हैं जिसकी डोर ऊपर वाले के हाथ में है...."लगभग आधी शताब्दि पूर्व प्रदर्शित हिंदी फिल्म 'आनंद' का यह संवाद वर्ष 2020 में कितना सार्थक नज़र आया, जब कोविड-19 महामारी के रूप में पूरी दुनिया में पाँव पसारती रही, हम-आप और समस्त मानव जाति असहाय देखती रही-रंगमंच की कठपुतलियों की तरह संक्रमित लोग कोरोना की डोर से बंधे अस्पतालों में भर्ती होते रहे। हज़ारों की संख्या में अस्पतालों से अर्थियां उठती रहीं, और सभी एक वैक्सीन की प्रतीक्षा करने के आलावा कुछ न कर सके।   

कोविड-19 महामारी के एक वर्ष पूरे होने वाले हैं। वर्ष 2020 अस्त हो रहा है। अमेरिका में अस्पताल कर्मी आज भी संसाधनों के आभाव में संक्रमित लोगों की सेवा कर रहे हैं। अस्पतालों के सभी कर्मचारियों को फ़ाइज़र और मॉडर्ना कंपनियों के टीके लगाने का अभियान शुरू हो गया है इस आशा में कि वे संक्रमित मरीज़ों की देखभाल करते हुए स्वयं संक्रमित न हों! 

वर्ष 2020 में कोविड-19 ने पाँव फैलाए, और इस तरह फैलाए कि दुनिया का कोई भी कोना उसके दुष्प्रभाव से बच न सका। अमेरिका दुनिया में सर्वाधिक संक्रमित देश बन चुका है जहाँ आज साठ हज़ार से भी अधिक संक्रमित लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। टेक्सास के सीमावर्ती नगर एल पासो में सर्वाधिक संख्या में संक्रमित लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। नए संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख से ऊपर है और आशंका यह है कि 2021 के प्रारम्भ में स्थिति बद से बदतर होगी। 

नए राष्ट्रपति बाइडेन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के लिए कोविड-19 बड़ी चुनौती बन कर आ रहा है। वर्ष 2021 के प्रारम्भ में देश को नया राष्ट्रपति, नया प्रशासन मिल जाएगा, लेकिन क्या महामारी पर नियंत्रण हो सकेगा? 

अमेरिकी जनता ने चिकित्सकों और महामारी विशेषज्ञों द्वारा मुखौटा यानी मास्क पहनने के सुझाव  को सर्वसम्मति से नहीं अपनाया।सामजिक दूरी बनाये रखने के प्रश्न पर भी वे एकमत नहीं हुए। संक्रमण से बचने के लिए टीके लगवाने के लिएभी शत प्रतिशत सहमति नहीं बन सकी है। लोगों की आशंकाएं दूर करने के लिए, आम सहमति बनाने के लिए प्रमुख हस्तियों ने वीडियो कैमरा के सामने टीके लगवाए। लोगों ने टीवी पर देखा भावी  राष्ट्रपति, कांग्रेस प्रतिनिधि सभा (हाउस आफ रेप्रेज़ेंटटिव्ज़) की अध्यक्ष नैन्सी पलोसी और अनेक जानी मानी हस्तियां महामारी के प्रकोप से बचने के लिए टीके लगवा रही हैं। इसलिए सभी नागरिकों को आश्वस्त हो जाना चाहिए कि टीके लगवा कर अमरीका से इस महामारी को भगाया जा सकता है।

कोविड-19 ने मानव जाति की प्रकृति और विडम्बनाओं  को खुल कर प्रगट किया। मुखौटा या फेस मास्क पहनने, बार बार हाथ साबुन से धोने, और सामजिक दूरी बनाने के सुझाव अपनी जगह पर हैं, लेकिन हर जगह लोगों के लिए पानी उपलब्ध नहीं, कांगो जैसे गरीब देशों के चिकित्सा केंद्रों में सैनीटाइजर जैसे साधन दुर्लभ हैं। उन देशों की जनता अपने आप को महामारी से कैसे बचाए? समृद्ध देशों ने उनकी चिंता नहीं की, अमेरिका जैसे संपन्न देश करोड़ों लोगों के लिए भारी मात्रा में टीकों की खरीद करने लगे। संसाधनों की कमी फिर भी रही।

  वर्ष 2020 में अमेरिका दुनिया के समक्ष एक ऐसे देश के रूप में उभर कर आया जहाँ एक समुदाय विशेष, अफ्रीकी-अमेरिकी लोगों, के प्रति भेद भाव और क़ानून व्यवस्था के पालकों द्वारा, पुलिस बल  द्वारा ज़्यादती के अनेक मामले सामने आये। मीनियापोलिस (मिनिसोटा प्रदेश) में पुलिस द्वारा जॉर्ज फ्लॉएड नामक अफ्रीकी-अमेरिकी नागरिक की गरदन दबोचने की घटना सामने आयी, जिसका प्रतिफल समस्त अमेरिका में देखने को मिला। मई 2020 में एक के बाद एक कई शहरों में जुलूस और विरोध प्रदर्शनों का दौर  शुरू हुआ था जो कि कई महीनों  तक चलता रहा। ‘आई कैंट ब्रीध’,’ब्लैक लाइव्ज़ मैटर’, महज़ महावरे नहीं रहे, बल्कि उपेक्षित और प्रगतिशील वर्ग के लिए महामंत्र बन गए।लोगों की सामूहिक भीड़ का असर महामारी के फैलाव के रूप में सामने आया। ऊपर से देश के सर्वोच्च सत्ता-केंद्र व्हाइट हाउस में बैठे राष्ट्रपति की तरफ से मुखौटा (मास्क) के विरोध में माहौल तैयार किया गया। देखते ही देखते महामारी  व्हाइट हाउस में प्रवेश कर गयी और राष्ट्रपति परिवार सहित पचास से अधिक अधिकारियों को अपने प्रभाव से ग्रस्त कर लिए। इतना सब होने के बावजूद अमेरिका में महामारी से लड़ने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाये गए। राष्ट्रपति ट्रम्प एक ही बात कहते रहे-वैक्सीन जल्द आ रही है।

वर्ष 2020 न सिर्फ अमेरिका बल्कि समस्त मानव समाज के लिए अभिशाप बन कर आया जिसके मूल में महामारी का प्रकोप रहा। लाखों लोग बेरोजगार हुए, जाने कितने व्यवसाय बंद हुए, जिस हद तक होटल और रेस्तराँ व्यवसाय बदहाली के  शिकार हुए, उसकी तो कल्पना भी नहीं की जा सकती। यह जाहिर हो गया कि दुःख और विपदा के समय सरकार पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहा जा सकता। लेकिन आर्थिक बदहाली के इस वर्ष में स्टॉक बाज़ार पर विशेष असर नहीं हुआ। नौकरी पेशा लोग भोजन जुटाने के लिए संघर्ष करते रहे, दूसरी तरफ स्टॉक बाज़ार बढ़ोत्तरी के मार्ग पर चलता रहा। लखपतियों, करोड़पतियों, अरबपतियों की संख्या में कोई कमी नहीं आयी। अमेज़ॉन अमेरिका की कुल ऑनलाइन खरीद का पचास प्रतिशत का मुनाफा अपने राजस्व में भरता रहा। पंद्रह डॉलर प्रति घंटे की दर पर हज़ारों की संख्या में भर्तियां करता रहा। कम्पनी के गोदामों में आधुनिक तरकीबों, रोबोटों की मदद से आपूर्तियाँ होती रही, कर्मचारी संक्रमित होते रहे, आमदनी बढ़ती रही। कॉस्को, वॉलमार्ट आदि सुपर स्टोरों में ग्राहकों की संख्या में कोई कमी नहीं आयी। थैंक्स गिविंग या क्रिसमस के दौरान यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइन्स से सफर करने वाले लाखों लोगों को सफर करने से रोका नहीं गया। संक्रमण इन सभी स्थानों पर बढ़ता गया। अधिकारी टीके की खरीद के लिए जुगाड़ करते रहे।

बाबू मोशाय, हम सब कठपुतलियां हैं जिनकी डोर सत्ताधीन लोगों के हाथों में है....  


                    


Sophia OjhaComment