भारत की नई भाषा नीति और विदेशों में हिंदी शिक्षण

-अशोक ओझा

​भारत के बाहर, खास तौर पर अमेरिका में, विदेशी भाषा का शिक्षण प्रभावी ढंग से करने ने के उद्देश्य से भाषविदों ने छह सिद्धांतों का गठन किया है। भाषा शिक्षण, जिनमें हिंदी भाषा भी शामिल है, औपचारिक ढंग से करने के लिए इन सिद्धांतों का पालन न सिर्फ़ उपयोगी साबितहुआ है, बल्कि शिक्षार्थी की रुचि उस भाषा में बढ़ाने में सहायक भी हुआ है । भाषा शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए इन सिद्धांतों की जानकारी और उनका प्रयोग कारगर साबित हुआ है ।इन सिद्धांतों का  सुनियोजित ढंग से पालन कर शिक्षार्थियों को विश्व भाषा, जिनमें हिंदी भी शामिल है , या कह लीजिए, अंग्रेजी के इतर अन्य भाषा, की औपचारिक शिक्षा सफलता पूर्वक दी जा सकती है। इन सिद्धांतों में से तीन ऐसे हैं जिनका सम्बन्ध भाषा की मूल संस्कृति से है। मूल संस्कृति यानी जहाँ उस भाषा का, जिसे अकादमिक परिसर में 'टारगेट लैंग्वेज' कहा जाता है, जन्म हुआ। 

संक्षेप  में इन तीन सिद्धांतों का जिक्र करें तो वे हैं: पाठ्यक्रम का सम्प्रेषण उसी भाषा में हो जिसकी शिक्षा दी जा रही है। दूसरा, प्रामाणिक सामग्री का इस्तेमाल हो, जिसका उत्पादन या रचना मूल संस्कृति में शिक्षा के आलावा अन्य किसी उद्देश्य से की गयी हो। और तीसरा यह कि शिक्षण सामग्री के साथ भाषा और संस्कृति का समुचित समन्वय किया गया  हो। इन सिद्धांतों का पालन करने के लिए हमें भारत की तरफ देखना होगा। मैं अमेरिका की बात करूंगा, जहाँ हम भाषा शिक्षण के  सिद्धांतों का पालन करते हुए हेरिटेज लैंग्वेज,या विरासत की भाषा सिखा रहे हैं । हमें हिंदी शिक्षार्थियों के लिए भारतीय सामग्री का उपयोग करना होता है। लेकिन पाठ्य क्रम सामग्री सांस्कृतिक प्रतीक, रीति रिवाज, परम्परा और उसके संदर्भों से परिपूर्ण होनी चाहिए। हिंदी की शिक्षा देते समय भारत में हो रहे अकादमिक और सामाजिक उतर-चढ़ाव से प्रभावित होना स्वाभाविक है। उदाहरण के लिए भाषा शिक्षा का मूल विषय भारत का भूगोल हो सकता है, जिनके अंतर्गत हम सुंदरबन या पोंगल के बारे में बच्चों को बताएँगे, लेकिन यह सब सांस्कृतिक सन्दर्भ, स्थानीय रीति रिवाज, परम्परा के साथ,  होना चाहिए। सोचिए, यदि 'इनक्रेडिबल इंडिया' अभियान, जिसका उद्देश्य विदेशी पर्यटकों को भारतीय संस्कृति की झलक दिखाना रहा है, हिंदी में उन पर्यटक स्थलों के बारे में जाकारी देते हुए चित्र, उनके कैप्शन या वीडियो आदि हिंदी में दिखाता तो हमारा काम कितना आसान हो जाता! क्या भारतीय शिक्षा नीति गढ़ने वाले विशेषज्ञों ने इस बात पर ध्यान दिया?               

भारत की नई शिक्षा नीति से भाषा शिक्षण की दिशा में कितना मार्ग दर्शन मिलता है, इस बात पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के दस्तावेज में 'घर की भाषा' और 'मातृभाषा' जैसे उपनाम तो हैं, लेकिन हिन्दी शिक्षा के बारे में साफ़ साफ़ विशेष कुछ नहीं कहा गया है। हाँ, पाठ्य सामग्री के निर्माण पर 'राष्ट्रीय शिक्षा शोध और प्रशिक्षण परिषद् (नेशनल कौंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग)' नामक सरकारी संस्था को जिम्मेदारियां सौपीं गयी हैं जिसका हम स्वागत करते हैं। भारत के बाहर हिंदी शिक्षण के लिए विश्व स्तरीय सिद्धांतों का पालन किया जाता है, जिनमें पाठ्य पुस्तकों से ज्यादा 'मूल संस्कृति’ में प्रयोग की जाने वाली ऐसी सामग्री को महत्त्व दिया गया है जिनका निर्माण शिक्षा के अतिरिक्त अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है। उदाहरण के लिए समाचार पत्रों की कतरनें, प्रचार सामग्री, फिल्म या वीडियो अंश, साहित्यिक कृतियां आदि। ऐसी सामग्री पाठ्य पुस्तकों में समाहित करने का कार्य अतीत में 'राष्ट्रीय शिक्षा शोध और प्रशिक्षण परिषद् (नेशनल कौंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग)' के प्रकाशनों में कुशलता पूर्वक किया गया है। इससे जाहिर होता है कि परिषद् अकादमिक विशेषज्ञों की सहायता से ऐसी पाठ्य सामग्री तैयार करने में सक्षम है जिनका इस्तेमाल गैर हिंदी भाषी शिक्षार्थियों को हिंदी शिक्षा के लिए किया जाता है। 

भारत की भाषा नीति में इस बात का उल्लेख है कि आठवीं कक्षा (ग्रेड) तक मातृभाषा में शिक्षा दी जानी चाहिए। भारत में अंग्रेजी परस्त लोगों की एक ताकतवर लॉबी इसका विरोध करती है, लेकिन मातृभाषा में अनेक विषयों की शिक्षा इक्कीसवीं सदी के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिनमें इस बात पर जोर दिया गया है कि भावी पीढ़ी के शिक्षार्थियों को द्विभाषी बनाना चाहिए, और उन्हें विश्व नागरिक के रूप में प्रशिक्षित किया जाना चाहिए। जब भारत के बाहर इस सिद्धांत को अपनाया जा रहा है तो भारत में इसकी उपेक्षा क्यों? परेशानी की बात यह है कि भारत जैसे बहुभाषी देश में हिन्दी को संपर्क भाषा, राज भाषा, अथवा राष्ट्रभाषा का दर्ज़ा देने का  प्रश्न राजनीतिक रूप ले चुका है। भारत की त्रिभाषा फार्मूला आंशिक रूप में इस उद्देश्य का समर्थन करती है, जिससे हिंदी को अपनाने के साथ साथ भारत की सभी राष्ट्रीय भाषाओँ को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, लेकिन हिंदी और अहिन्दी भाषी राज्य इसे लागू करने से कतराते हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति इतनी लचीली है कि उसमें सम्पर्क भाषा को समृद्ध करने की बात भी मुश्किल नज़र आती है । शिक्षा नीति भाषा नीति नहीं है। शिक्षा नीति भी देश भर में लागू नहीं की जा सकती, क्यों कि शिक्षा नीति राज्यों का अपना मामला होता है। फिर हिंदी की पढ़ाई किस रूप में की जाय, सम्पर्क भाषा, राज भाषा या राष्ट्र भाषा के रूप में? इसके बाद का प्रश्न और भी जटिल है-क्या हिंदी में भूगोल, समाज शास्त्र, विज्ञान, राजनीति शास्त्र की शिक्षा दी जा सकती है? हालाँ कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद यह प्रश्न अनेकों बार पूछा जा चुका है। उत्तर आज तक नहीं मिला । आगे बढ़ें, तो विदेशों में हिंदी को, भारतीय संस्कृति की शिक्षा और उसका प्रचार-प्रसार कैसे हो? हालाँ कि विदेशों में हिंदी को प्रसारित करने का लिए भारत सरकार, उसका विदेश मंत्रालय तथाकथित रूप से प्रयत्नशील रहे हैं । लेकिन उन्होंने ठोस कार्य यही किया कि हर चार वर्ष में करोड़ों ख़र्च कर विषय हिंदी सम्मेलन आयोजित कर दिया, विदेशी भाषविदों को राष्ट्रपति से सम्मानित करवा दिया, लेकिन विदेशों में हिंदी की औपचारिक शिक्षा के बारे में हमारे कूटनीतिकों को सोचने का समय नहीं मिला । इस दिशा में कार्यरत स्थानीय संस्थाओं की किस रूप में सहायता की जाय यह भी स्पष्ट नहीं । जब कभी अन्य देशों का उदाहरण दिया जाता है, जिन्होंने विदेशों में अपने सांस्कृतिक संस्थान खोल रखे हैं, अपनी भाषाओं की शिक्षा के लिए शिक्षण संस्थान खोल रखे हैं, तो भारतीय कूटनीतिक कुंठित होकर अपना बचाव करने लगते हैं ।बड़ी अजीब बात है कि भारत का शिक्षा विभाग विदेशों में हिंदी शिक्षा अभियान से दूर रखा जाता हैं ।

यह कहना प्रासंगिक होगा कि भारत में सांविधानिक प्रावधानों के बावजूद न तो हिंदी में न ही अन्य भारतीय भाषाओँ में विभिन्न विषयों के लिए विभिन्न कक्षाओं में पढ़ाने लायक पाठ्य सामग्री का निर्माण हो सका। यदि हिंदी को प्रमुख भारतीय भाषा मान कर अन्य भाषाओँ में शिक्षण सामग्री का ईमानदार लक्ष्य निर्धारित किया गया होता तो शायद अंग्रेजी परस्तों की एक प्रमुख शिकायत का उत्तर दिया जा सकता था। दूसरी बात प्राथमिक, माध्यमिक, और उच्च शिक्षा, जो कि किशोर  से युवा हो रहे हर शिक्षार्थी के जीवन का, उसके ज्ञान का आधार स्तम्भ, फॉउंडेशन है, सरकारी नियंत्रण में जकड़ कर पंगु हो गई, जब कि कमाई की आधारशिला पर खड़ी  निजी स्कूल व्यवस्था ऊँची फीस के बावजूद भारतीय शिक्षा व्यवस्था का ज़रूरी अंग बन गयी है। 

सार्वजनिक या सरकारी शिक्षा व्यवस्था की बुरी दशा के कारण ही अंग्रेजी परस्तों को यह कहने का मौका मिला है कि निजी शिक्षा बेहतर है जहाँ शिक्षा का माध्यम हिंदी या भारतीय भाषाएँ नहीं, बल्कि अंग्रेजी है। इस तर्क के आगे भारत की अधिकांश राज्य सरकारें अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा के आगे सर झुकाने लगी हैं, क्यों कि भारत के माता-पिता यह मान बैठे हैं कि अपनी भाषा में शिक्षा का अर्थ बच्चों के भविष्य को बिगाड़ना है । यानी प्रारंभिक शिक्षा अपनी भाषा में देने का मतलब है, बेहतर नौकरियों का सपना देखने की कोशिश भी न करें और अंग्रेजी माध्यम में शिक्षित युवकों-युवतियों से बराबरी करने की हिम्मत न करें।  

लेकिन भारत के अंग्रेजी परस्तों को शायद यह पता नहीं कि शिक्षा विशेषज्ञों ने मातृभाषा या 'घर की भाषा' को बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए आवश्यक माना है। यहाँ मैं मिन्नीसोटा प्रदेश के मुख्य शहर मिनियापोलिस स्थित 'यिंग हुआ अकादमी' का उदाहरण देना चाहूंगा, जहाँ आठवीं कक्षा तक गणित सहित तमाम भाषाओँ की शिक्षा मैंडरिन यानी चीनी भाषा में दी जाती है। अकादमी में अंग्रेजी आठवीं ग्रेड में ही पाठ्यक्रम में शामिल की जाती है। यह स्कूल चीनी समुदाय ने प्रारम्भ किया था, लेकिन प्रदेश के शिक्षा अधिकारियों ने देखा कि चीनी और अंग्रेजी दोनों भषाओं में प्रवीण हो कर जब वहां के शिक्षार्थी उच्च विद्यालय की राजकीय परीक्षा या एस ए टी की परीक्षा में शामिल होते हैं,  जो उनका स्कोर सिर्फ अंग्रेजी माध्यम से पढ़े विद्यार्थियों से कही ज्यादा है। इसके बाद 'यिंग हुआ' स्कूल का संचालन राज्य सरकार ने अपने हाथों में ले लिया। अब वहां पढ़ने वाले बच्चे सिर्फ चीनी मूल के ही नहीं, अमेरिकी समाज के हर तबके से आते हैं, क्यों कि उनके माता-पिता द्विभाषी और मातृभाषा को शिक्षा का माध्यम बनाने के महत्त्व समझ गए हैं। 

Sophia OjhaComment